बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चचेरा भाई गंभीर
- शुक्रवार सुबह सरायअकिल कोतवाली के डहिया गांव में हुआ हादसा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा/सरायअकिल। कोतवाली के डहिया गांव के समीप शुक्रवार सुबह ईंट लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठा चचेरा भाई गंभीर रुप से जख्मी हो गया। हादसा देख राहगीरों ने यूपी-112 व एंबुलेंस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। युवक के मौत की खबर से पीड़ित परिवार में कोहराम है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
सरायअकिल कोतवाली के तरनी गांव निवासी राजेंद्र सिंह (35) व विमलेश चचेरे भाई हैं। परिजनों के मुताबिक राजेंद्र राजगीर का काम करता था व विमलेश उसी के साथ लेबर का काम करता था। दोनों शनिवार सुबह बाइक से कोटिया गांव मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही वह डहिया गांव के समीप पहुंचे, ईंट लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, पीछे बैठा विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। जख्मी विमलेश का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। इंस्पेक्टर अनुपम शर्मा का कहना है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, कोहराम
नेवादा। ट्रैक्टर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले राजेंद्र की मौत से उसके घरवालों के आंसू नहीं थम रहे हैं। राजेंद्र के पांच बच्चे हैं। घर का वही इकलौता कमाने वाला था। राजगीर का काम करने के अलावा राजेंद्र किसानी भी करता था। घटना के बाद उसकी पत्नी को होश नहीं आ रहा था।
-------------
शादी की तैयारियां मातम में तब्दील
सरायअकिल। हादसे में मृत राजेंद्र के पिता की बचपन में ही मौत हो चुकी है। दो भाइयों में बड़ा होने के नाते परिवार चलाने की जिम्मेदारी उसी पर थी। राजेंद्र के छोटे भाई सुरेंद्र सिंह की अगले महीने 21 मई को शादी है। राजेंद्र अपने छोटे भाई की शादी की तैयारियों में जुटा था। अचानक उसकी मौत होने से घर में शादी की तैयारियां मातम में तब्दील हो गईं हैं।
--------------
विवाद में दबंगों ने पिता-पुत्र को बेरहमी से पीटा
नेवादा। सरायअकिल कोतवाली के पुरखास गांव के मजरा बजहा निवासी रमेश मजदूरी करता है। रमेश के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम वह अपने पिता के साथ घर के सामने बैठा था। आरोप है कि गांव का एक दबंग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचकर अनायास ही उसे गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने पिता-पुत्र को जमकर पीटा। शोरगुल होने पर परिवार व मोहल्ले के लोग बीचबचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। घटना की शिकायत पुलिस से की गई। इस बाबत इंस्पेक्टर अनुपम शर्मा का कहना है घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जख्मी पिता-पुत्र को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।