कोतवाली के सालेपुर मोड़ के पास शुक्रवार रात बाइक सवार तीन युवकों को बेकाबू वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से जख्मी हैं। बाइक सवार तीनों कौशाम्बी कोतवाली के खंदेवरा गांव में एक बरात में शामिल होने जा रहे थे। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चरवा कोतवाली के गौसपुर गांव का राजन (25) शुक्रवार रात गांव के संदीप व कोखराज के उमेश के साथ बाइक से खंदेवरा एक बरात में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही वह लोग सालेपुर मोड़ के पास पहुंचे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों को लोगों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा। यहां चिकित्सकों ने राजन को मृत घोषित कर दिया। संदीप व उमेश की हालत नाजुक होने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।