दहेज के लिए पत्नी को पीटकर घर से भगाया, की दूसरी शादी
पीड़िता की तहरीर पर पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। दहेज की मांग नहीं पूरी होने पर एक युवक ने पत्नी को पीटकर घर से भगाने के बाद दूसरी शादी रचा ली। जानकारी होने पर शनिवार को पीड़ित पत्नी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। मामले में पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तरनी गांव की दिव्या पाल पुत्री राम रतन की शादी 5 मई 2013 को संभल जिले के हजरत नगर गढ़ी निवासी हरपाल से हुई थी। दिव्या ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति हरपाल, सास रज्जो, ससुर रम्मू, देवर महिपाल, ननद फूलमती और नंदोई तेजपाल दहेज में दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। यातनाओं के बीच उसने चार पुत्रियाें को जन्म दिया। 16 नवंबर 2023 को सभी ने उसकी पिटाई करते हुए जेवर छीन कर घर से भगा दिया। मायके वालों ने कई बार सुलह समझौता के लिए मिन्नतें की, लेकिन बात नहीं बनी। उधर, एक मई 2024 को पति हरपाल ने दूसरी शादी कर ली। शनिवार को पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।