प्रदेश में भले ही पाबंदियां खत्म हो गई हैं, लेकिन जिल की पुलिस के रिकार्ड में अब भी लॉकडाउन लागू है। इसका जिक्र पिछले काफी दिनों से पुलिस विभाग की तरफ से जारी प्रेसनोट में किया जा रहा है। बताया रहा है कि भले ही जिले को कोरोना मुक्त कर दिया गया हो, लेकिन पुलिस विभाग के पास उनके अफसरों का अभी तक कोई निर्देश नहीं आया।
जिले में 28 अक्तूबर के बाद से कोरोना का एक भी संक्रमित नहीं मिला है। इस कारण शासन की गाइडलाइन के मुताबिक जनपद को कोरोना मुक्त कर दिया। इसके बावजूद पुलिस विभाग अब भी जिले में लॉकडाउन मान रहा है।
बुधवार को पुलिस ऑफिस से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक जिले में जारी लॉकडाउन के क्रम में 127 वाहनों का ई-चालान व दो वाहनों से एक हजार शमन शुल्क वसूला गया। कमोवेश यही हाल रोज का है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार महीने में तकरीबन तीन सौ चलान किए जाते हैं।
इनमें से ज्यादातर बिना मास्क लगाकर चलने वाले वाहन चालकों के चालान किया जाते हैं। यातायात निरीक्षक रवींद्र त्रिपाठी का कहना है कि पुलिस विभाग के अफसरों की तरफ से अभी तक ऐसी कोई गाइडलाइन नहीं आई है। फिलहाल लॉकडाउन के उल्लंघन में किसी का चालान नहीं किया जा रहा है। सिर्फ बिना मास्क लगाकर निकले वाहन चालकों का चालान किया जा रहा है।