मेडिकल कॉलेज में मारपीट के बाद तीमारदार को कोतवाली ले जाती पुलिस। स्रोत: स्वास्थ्य विभाग
ओसा रोड स्थित मेडिकल काॅलेज के अस्पताल में रविवार की देर शाम मरीज की छुट्टी न होने पर तीमारदार स्टॉफ नर्स से भिड़ गए। सुरक्षा कर्मी ने जब रोकने का प्रयास किया तो उसे जमकर पीटा। इससे वह घायल हो गया।
सुरक्षा कर्मी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। सूचना पर आई पुलिस मरीज व उसके एक तीमारदार को पकड़ ले गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कोर्रो निवासी रामदेव (75) सांस की बीमारी से परेशान था। 20 नवंबर को परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज के ओसा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में वह भर्ती था।
उसकी सेहत में सुधार होने पर डॉक्टर ने रविवार को घर भेजने की बात कही थी। लेकिन, अवकाश होने के कारण डॉक्टर नहीं आए। इसके चलते मरीज को छुट्टी नहीं मिल सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर शाम मरीज का एक तीमारदार इसी बात को लेकर ड्यूटी पर तैनात स्टॉफ नर्स से भिड़ गया।
वह स्टाफ नर्स से बहस कर रहा था। शोर-शराबा सुनकर वार्ड में तैनात सुरक्षा कर्मी मिथुन कुमार ने तीमारदार को रोकने का प्रयास किया। इस पर मरीज व उनके तीमारदारों का पारा चढ़ गया। सभी मिलकर सुरक्षा कर्मी की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी बीच किसी स्वास्थ्य कर्मी ने डायल-112 पर सूचना दे दी। मौके पर आई टीम ने मरीज व उसके एक तीमारदार को हिरासत में ले लिया और अपने साथ लेकर चली गई। सुरक्षा कर्मी को अस्पताल में ही भर्ती करके उपचार शुरू किया गया।
इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में मारपीट के बाद तीमारदार को कोतवाली ले जाती पुलिस। स्रोत: स्वास्थ्य विभाग