पइंसा कोतवाली के जगन्नाथपुर गांव से 30 अप्रैल को लापता हुई युवती का शव चित्रकूट जिले के राजापुर क्षेत्र से बरामद हुआ। युवती की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव फेंका गया था। आरोपी युवक इंटरनेट से दोस्ती कर प्रेमिका को चित्रकूट ले गया, फिर उसकी हत्या कर शव फेंककर भाग निकला।
राजापुर पुलिस के मुताबिक तीरमऊ गांव के नाले के पास मिले युवती के शव की शिनाख्त परिजनों ने साजिया बानो(19) के रूप में की है। मामले में राजापुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ युवती की हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्थानीय स्तर पर पुलिस व सर्विलांस टीम युवती के बरामदगी का प्रयास कर रही थी।
सीओ सिटी सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि 30 अप्रैल को जगन्नाथपुर निवासी गुलाम मोहीउद्दीन ने बताया था कि उसकी छोटी बहन साजिया बानो (19) बिना किसी से कुछ बताए कहीं चली गई है। मामले में एक मई को पइंसा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। युवती की बरामदगी के लिए विवेचक के अलावा सर्विलांस सेल की टीम को भी लगाया गया।
इस बीच पता चला कि युवती का शव सात मई को चित्रकूट जिले के राजापुर कोतवाली क्षेत्र में मिला है। शुक्रवार की देर शाम को कौशाम्बी के मोहम्मदपुर से राजापुर थाना पहुंचे युवती के पिता रूकुमुददीन ने युवती के शव की फोटो व कपड़ों के आधार पर शिनाख्त अपनी बेटी साजिया (19) के रूप में की।
उन्होंने बताया कि राजापुर के टिकरा सिरावल गांव निवासी अमित कुमार से बेटी की सोशल मीडिया से दोस्ती हुई थी। दोनों फोन पर खूब चैटिंग करते थे। विरोध कर बेटी को समझाया था, लेकिन वह नहीं मानी। 30 अप्रैल को प्रेमी अमित गांव से उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर भगा लाया था। इसकी जानकारी परिजनों को कुछ दिनों बाद पता चली।
एक ही नंबर पर कई बार की थी कॉल
पुलिस की अब तक छानबीन में पता चला कि राजापुर इलाके में रहने वाला आरोपी अमित साजिया को अपने घर ले जाने के बजाय रिश्तेदार के यहां ठहरा था। घटना वाली रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। सीओ सिटी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अन्य किसी तरह की चोट का जिक्र नहीं है। पता चला है कि युवक ने एक ही नंबर पर कई बार कॉल की थी।