kaushambi news : छात्रा ने लगाई फांसी।
- फोटो : kaushambi
कोखराज कोतवाली के मारुफपुर अमहा गांव में सोमवार दोपहर कक्षा नौ की छात्रा अंतिमा का घर के अंदर संदिग्ध दशा में फांसी पर लटका शव मिला। छात्रा ने खुदकुशी की या फिर उसकी हत्याकर लाश फांसी पर लटकाई गई, फिलहाल साफ नहीं हो सका है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नम्बर 11 सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर (मारुफपुर अमहा) निवासी हरिश्चंद्र तिवारी के तीन बच्चों में तीसरे नंबर की बेटी अंतिमा (16) कक्षा नौ की छात्रा थी। हरिश्चंद्र का बड़ा बेटा अपनी पत्नी व एक बहन को साथ लेकर मुंबई में रहता है। घर पर हरिश्चंद्र की सिर्फ एक बेटी अंतिमा ही रहती थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को अंतिमा घर पर अकेली थी। जबकि उसके माता-पिता धान की ढुलाई करने खेत गए थे। दोपहर को पड़ोस मे रहने वाली एक सहेली स्कूल से संबंधित कुछ काम के लिए अंतिमा से मिलने उसके घर पहुंची तो अंदर का नजारा देख उसकी चीखें निकल गईं।
अंतिमा की लाश कमरे की धन्नी में दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटकती दिखी। शोर मचाने पर पड़ोसी ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कमरे का दरवाजा पहले से ही खुला था। इससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जानकारी मिलने पर अंतिमा के माता-पिता बदहवास हालत में रोते-बिलखते हुए घर पहुंचे। छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाया अथवा उसके साथ अनहोनी हुई, इस बाबत परिजन कुछ नहीं बोल रहे हैं। सूचना के बाद पहुंचे चौकी इंचार्ज भरवारी ने लाश फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्तम के लिये भेज दिया। चौकी प्रभारी श्रवण कुमार के मुताबिक मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।