ससुरालियों ने मां-बेटे को बेरहमी से पीटा
मंझनपुर (ब्यूरो)। पइंसा कोतवाली क्षेत्र के बंबूपुर गांव में सोमवार दोपहर ससुरालियों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां की भी पिटाई कर दी। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत एएसपी से की है। बंबूपुर निवासी निर्मला देवी पत्नी रामकिशन ने बताया कि उसकी बहू का रवैया ठीक नहीं है। वह बात-बात पर अपशब्द कहती है। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाती है। पीड़िता की मानें तो सोमवार दोपहर बहू मामूली बात पर गाली-गलौज करने लगी। इसके बाद अपने कपड़ों को उसने आग के हवाले कर दिया। फोन करके मायके वालों को बुला लिया। आरोप है कि मायके वालों ने पीड़ित निर्मला की पिटाई की। उसके बेटे राममिलन को भी पीटा। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर एएसपी से शिकायत की। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने पइंसा एसओ को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मछली पालक को तमंचा लेकर दौड़ाया, पिटाई
मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बिदांव गांव में रहने वाले एक मछली पालक को सोमवार शाम मामूली बात पर दबंगों ने पीट दिया। इसके बाद उसे तमंचा लेकर दौड़ा लिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत एएसपी से की है। बिदांव निवासी बैजनाथ पुत्र सूरजपाल ने बताया कि उसे मछली पालन के लिए तालाब का पट्टा मिला हुआ है। इसे लेकर पड़ोसी दबंग रजिश रखते हैं। वह आए दिन गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित की मानें तो सोमवार शाम भी दबंग अपशब्द कह रहे थे। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। जान बचाकर भागते वक्त तमंचा लेकर दौड़ा लिया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर एएसपी से शिकायत की। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कौशाम्बी इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।