पिपरी कोतवाली क्षेत्र की बाजारों में शुक्रवार को कैस्ट्रॉल कंपनी की टीम ने छापामारी की। इस दौरान तीन दुकानों से कंपनी का करीब 120 डिब्बा नकली ऑयल बरामद किया गया। आरोपी दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
कैस्ट्रॉल कंपनी की टीम पुलिस बल के साथ मखऊपुर स्थित अभिषेक दिवाकर की ऑटो पार्ट्स की दुकान पर पहुंची। उसकी दुकान से 10 डिब्बा नकली ऑयल मिला। तिल्हापुर मोड़ निवासी विजय की दुकान से 53 तो अंकित की दुकान से 57 डिब्बा ऑयल बरामद किया गया। बरामद ऑयल का नमूना परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
तीनों दुकानदारों के खिलाफ कंपनी के जांच अधिकारी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। कार्रवाई के दौरान बाजारों में अफरातफरी मची रही। कई दुकानदार शटर गिराकर भाग खड़े हुए। कुछ दुकान खुली छोड़कर ही गायब हो गई। पिपरी थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।