कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित जिला अस्पताल में बुधवार को एक युवक बुर्का पहनकर पहुंच गया। पीकू वार्ड के पास संचालित सखी केंद्र के कर्मचारियों को शंका होने पर उससे पूछताछ की तो वह इमरजेंसी वार्ड में घुस गया। वहां जाकर देखा तो बुर्के में पुरुष नजर आया। शोर मचाने पर युवक बाउंड्रीवाल फांदकर भागने लगा तो कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर बाद एक युवक सलवार कुर्ता व बुर्का पहन कर पहुंचा। इस दौरान पीकू वार्ड के पास संचालित सखी सेंटर की संचालक निधि सचान व सहायक श्रेया शुक्ला ने उसकी चाल देखी तो संदेह हुआ। दोनों ने पास जाकर पूछने की कोशिश की तो युवक इमरजेंसी वार्ड में घुस गया। वहां उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह भागने लगा।
शोर मचाने पर कर्मियों ने उसे बाउंड्रीवाल फांदने के दौरान पकड़ लिया। इसके बाद यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे कोतवाली ले गई। इसके बाद सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने युवक से पूछताछ की।
उसने अपना नाम रईस अहमद बताया है। उसने पहले अपना पता चमनगंज कानपुर बताया फिर कुछ देर बाद फहीमाबाद में हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज के पास का रहने वाला बताया। उसकी बातचीत से पुलिस को संदेह और बढ़ गया। पुलिस मामले में गंभीरता से छानबीन कर रही है।