शिवली (कानपुर देहात)। विक्रमपुर रायपुर में सोमवार सुबह मैथा बाजार से घर लौटते समय साइकिल सवार मजदूर पर सांड़ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को परिजन अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विक्रमपुर रायपुर निवासी भीखम कोरी (30) मजदूरी करता था। सोमवार सुबह वह साइकिल से मैथा बाजार गया था। वहां से करीब पौने आठ बजे वह वापस गांव लौटा। गांव के बाहर पहुंचने पर एक सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों से परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल भीखम को एंबुलेंस से शिवली सीएचसी ले गए। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनहोनी पर मृतक की पत्नी सुनीता व पांच बच्चे रोने लगे। भाऊपुर चौकी प्रभारी भागमल ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसडीएम रामशिरोमणि ने बताया कि मृतक मजदूर के आश्रित को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता दिलाई जाएगी।