घाटमपुर में साढ़ थाना क्षेत्र के पानीपुरवा गांव में जमीनी विवाद की सूचना पाकर पहुंचे दरोगा को महिलाओं ने बंधक बनाकर पीट दिया। साथ में गए दूसरे दरोगा ने खेतों की ओर भागकर जान बचाई और फोन से साढ़ थानाध्यक्ष को सूचना दी।
पुलिस बल ने दरोगा को मुक्त कराने के साथ ही छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दरोगा की तहरीर पर छह महिलाओं, तीन पुरुषों समेत 15 लोगों के खिलाफ बंधक बना मारपीट करने सहित 10 धाराओं में साढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। साढ़ थाना के पानीपुरवा गांव में देवीदीन और अजय कुमार के बीच पुराना जमीन का विवाद है। समाधान दिवस में शिकायत पर कार्यरत लेखपाल ने पैमाइश कर देवीदीन के पक्ष में फैसला किया था।
आरोप है कि अजय कुमार और विजय कुमार निर्माण नहीं होने दे रहे थे। सोमवार दोपहर निर्माण के दौरान विवाद होने की जानकारी मिलते ही साढ़ थाना के हल्का प्रभारी विनीत कुमार और दूसरे दरोगा अमर सिंह मौके पर पहुंचे। तभी महिलाओं ने दरोगा विनीत कुमार को बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया।