तिर्वा (कन्नौज)। घर में सफाई करते समय केबल की चपेट में आने से शुक्रवार को महिला को करंट लग गया। परिजन उसे लेकर कन्नौज मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां पर इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव निवासी अनारकली (50) घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान खुली केबल की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने पास में ही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत बिगड़ती देख डॉक्टर ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन शव को घर ले जा रहे थे लेकिन रास्ते से ही वापस लौट आए और पोस्टमार्टम कराने की बात कही। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद क्षेत्र में हुई है। मेडिकल कॉलेज की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।