कानपुर में मौसम के बदलाव से बुखार का हमला तेज है। सोमवार को बुखार से तीन रोगियों की मौत हो गई। कई रोगियों को गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती किया गया है। वहीं, डेंगू के भी छह नए मरीज मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न ब्लॉकों के 15 इलाकों में कैंप लगाकर 259 डेंगू संदिग्ध रोगियों का सैंपल जांच के लिए भेजा है। काछिन खेड़ा के रहने वाले राम नारायण की पत्नी कमला (71) और पताखेड़ा के विजय पाल (53) की बुखार आने के बाद मौत हो गई।
इसी तरह फजलगंज क्षेत्र के राजेश जाटव (52) की बुखार के बाद हालत बिगड़ गई। परिजन हैलट लेकर भागे लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डेंगू के छह रोगी मिलने के बाद कुल रोगियों की संख्या 136 हो गई है। इनमें सबसे अधिक 109 डेंगू संक्रमित ग्रामीण क्षेत्रों में मिले हैं।
नगरीय क्षेत्रों में डेंगू के 27 रोगी मिले हैं। कल्याणपुर में जिन घरों में डेंगू के मामले मिले, वहां स्वास्थ्य विभाग ने 60 मच्छरदानियां वितरित की हैं। सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि 1079 लोगों के सैंपल में मलेरिया की जांच कराई गई लेकिन कोई पॉजिटिव नहीं मिला। सीएचसी, पीएचसी पर आने वाले बुखार के रोगियों के सैंपल लिए जाने की व्यवस्था कर दी गई है। इसके साथ ही लोग उर्सला के कंट्रोल रूम में डेंगू, मलेरिया और बुखार से संबंधित सूचना दे सकते हैं।