कोंच। सार्वजनिक अवकाश के बावजूद रविवार को एडीएम नमामि गंगे व बीडीओ कोंच ने विभागीय अधीनस्थों के साथ कोरोना की वैक्सीन लगवाए जाने को लेकर कई गांवों में जाकर जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने वैक्सीन लगवा चुके लोगों के साथ अन्य ग्रामीणों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया।
एडीएम नमामि गंगे प्रतिपाल सिंह चौहान, बीडीओ अंगद यादव ने ग्राम सचिव अभिषेक यादव, नरेंद्र पटेल, निधि राठौर सहित निगरानी समिति सदस्यों के साथ कोंच ब्लॉक के ग्राम अटा, परैथा और अमीटा का दौरा किया। वहां उन्होंने वैक्सीन लगवाने के फायदे गिनाते हुए ग्रामीणों को टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया। एडीएम ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में वैक्सीनेशन ही एकमात्र सुरक्षा कवच है जो सुरक्षित है। इसके अलावा मास्क, सैनिटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग आदि को भी अपने दैनिक जीवन में उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खांसी, बुखार की शिकायत होने पर अपनी जांच कराएं। ताकि उनका उपचार समय से हो सके। बीडीओ ने ग्रामीणों को टीकाकरण कराने और अपने आसपास साफ सफाई रखने पर जोर दिया। एडीएम व बीडीओ ने डोर टू डोर जाकर ग्रामीणों से वैक्सीन लगवाने की जानकारी ली।