मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में मंडी समिति की दुकानें दिलाने के साथ ही पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले पुलिस प्रशिक्षण केंद्र कालीमाटी जिला उन्नाव में तैनात कर्मचारी के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
कस्बे के रागौल निवासी वसीम अकरम ने न्यायालय में वाद दायर कर बताया था कि पुलिस विभाग में कार्यरत अलीम खां ने उनसे मंडी समिति के अवर अभियंता से अच्छे संबंध होने की बात कही। कहा अगर उन्हें मंडी में दुकान चाहिए तो वह साढ़े तीन लाख रुपये दें। अपने भाई को पुलिस में भर्ती कराना है तो तीन लाख रुपये खर्च करें। कहा उनकी बातों में आकर पीड़ित ने पैसे दे दिए। लेकिन तीन साल गुजरने पर उन्हें संदेह होने लगा। जिस पर पैसे वापस मांगे तो अलीम खां लगातार समय मांगता रहा।
कई बार पंचायत भी हुई और अलीम खां ने पैसा लेने की बात पंचायत में स्वीकार की थी। तय तिथि पर वादी पैसा लेने उनके घर गए तो उनके पुत्र ओवैश खान ने गालीगलौज कर पैसे देने से इनकार कर दिया। कहा इसी बात को लेकर छह माह पूर्व थाने में तहरीर दी गई थी। लेकिन पीड़ित का मामला दर्ज नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय ने अलीम खां व उनके पुत्र ओवैश खां पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। रविवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की है।