कानपुर में यूपीएसएसएससी परीक्षा में चित्रा डिग्री कॉलेज के सहायक प्रबंधक समेत आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस मामले में लखनऊ के कुछ और लोगों के नंबर मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा अब तक की जांच में किसी और सॉल्वर गिरोह से आरोपियों का संपर्क नहीं मिला है।
सोमवार को क्राइम ब्रांच और हनुमंत विहार पुलिस ने चित्रा डिग्री कॉलेज के सहायक प्रबंधक कमलेश कटियार के अलावा सॉल्वर विनय कुमार, सौरभ मिश्रा, अनुराग दुबे, परीक्षार्थी सुजीत यादव, विजय प्रताप संडीला, संदीप कुमार और अमर यादव को गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच ने जब आरोपियों के मोबाइल की जांच की तो किसी और गिरोह से संपर्क नहीं मिल सके। मगर आरोपी सौरभ के मोबाइल फोन से पुलिस को लखनऊ के कुछ नंबर मिले। जिनके बारे में चर्चा है कि यह सरकारी विभाग में बैठे लोग हैं। पुलिस इन नंबरों की जांच कर रही है।