हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी में कोरोना जांच न होने से नाराज छात्रों ने हंगामा किया। ईस्ट कैंपस स्थित छात्र ऑडिटोरियम के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि संस्थान में लगातार छात्र संक्रमित हो रहे हैं। विवि में तीन सौ छात्र हैं पर जांच केवल सौ की ही हुई है।
ऐसे में 17 जनवरी को होने वाली बीटेक अंतिम वर्ष के सातवें सेमेस्टर की परीक्षा स्थगित की जाए। एचबीटीयू में काफी समय से कोरोना के केस लगातार निकल रहे हैं। छात्र इसकी लगातार शिकायत विवि प्रशासन से कर रहे हैं।
कोई सुनवाई न होने पर बुधवार को छात्रों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि विवि में कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। पॉजिटिव छात्र सामान्य छात्रों के साथ हॉस्टल में रह रहे हैं। कैंटीन, बाथरूम, मेस में एक साथ उठ बैठ रहे हैं।
गर्ल्स हॉस्टल में भी छात्राएं पॉजिटिव हैं। प्रैक्टिकल की वजह से सभी को संस्थान आना पड़ रहा है। अधिकारी कह रहे हैं कि संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर ही परीक्षा स्थगित की जाएगी, इसलिए जांचें नहीं कराई जा रही हैं।
छात्रों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। अगर कोई छात्र पॉजिटिव है तो उसकी परीक्षा बाद में करवा ली जाएगी। सभी छात्रों की जांच होगी। एडीएम सिटी, एसीएमओ सहित कई अधिकारी संस्थान आए थे। संक्रमित छात्रों को एहतियात बरतने की आवश्यकता है। - प्रो. समशेर, कुलपति