मजदूर दीपू ने की पीएम मोदी से बात
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उरई के डकोर विकास खंड में बराह गांव के पास चल रहे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में काम कर रहे वर्ध गांव के मजदूर दीपू से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बात की।
पीएम मोदी ने दीपू से पूछा कहां से आये हो, कब से काम कर रहे हो, कितने रुपये मिल रहे है। जवाब में दीपू ने बताया कि वो हैदराबाद में काम करता था। लॉकडाउन में नौकरी छूट गई तो गांव लौट आया। एक महीने की भागदौड़ के बाद उसे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे निर्माण कार्य में मजदूरी करने का काम मिल गया।
पीएम ने कहा अब घर लौट आए हो तो पत्नी मां बच्चे सभी बहुत खुश होंगे। इसके अलावा पीएम ने बताया कि एक्सप्रेस वे निर्माण के बाद पूरे बुंदेलखंड में विकास का पहिया तेजी से घूमेगा। कई नए उद्योग भी स्थापित होंगे, जिनसे हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।
पीएम मोदी ने एक्सप्रेस वे योजना के लिए सीएम योगी की भी प्रशंसा की। इस मौके पर डीएम डॉक्टर मन्नान अख्तर ने बताया कि फिलहाल एक्सप्रेस वे में 800 प्रवासी मजदूर काम कर रहे है। इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।