पंचायत चुनाव: हरदोई में उपद्रवियों के बीच घिरे पाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश राय
- फोटो : amar ujala
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में कानपुर नगर, महोबा व हरदोई जिले में मतदान शाम पांच बजे तक हुआ। शाम को हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम अतरजीज में फर्जी मतदान को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर बवाल हुआ। पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर पथराव भी हुआ। पुलिस ने भी ग्रामीणों पर लाठियां बरसाईं। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस मौजूद है।
मतदान को शांतिपूर्ण कराने के लिए जितना इंतजाम पुलिस और प्रशासन की तरफ से किया गया है, उतना ही इंतजाम मतदान के दौरान लोगाें को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए भी किया गया है। ऐसा प्रशासन का दावा है।
कानपुर नगर के कल्याणपुर ब्लॉक के कुरसौली गांव में शंकर कुरील ने पहला वोट डाला। घाटमपुर में भीतरगांव के जसरा गांव में बीडीसी प्रपत्र ना आने के कारण मतदान रुका हुआ है। प्रत्याशियों ने बीडीसी मतदान पत्र आने तक के लिए वोटिंग रोक रखी है।
एक नजर प्रत्याशियों पर
ब्लॉक प्रधान बीडीसी ग्राम पंचायत सदस्य
सरसौल 443 456 174
कल्याणपुर 348 363 147
बिधनू 502 420 132
बिल्हौर 478 249 243
शिवराजपुर 424 245 202
चौबेपुर 403 298 156
ककवन 144 146 76
घाटमपुर 716 451 124
पतारा 450 341 115
भीतरगांव 577 433 56
हरदोई में मतदान केन्द्र के बाहर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
महोबा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गुरुवार को छिटपुट घटनाओं के बीच शाम पांच बजे तक 65 फीसदी मतदान हुआ। मतदान समाप्ति तक 75 फीसदी पहुंचने का अनुमान है। मतदाताओं को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश दिया गया।
विकासखंड चरखारी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरायं में 200 मीटर की दूरी पर एक स्थान पर मतदाताओं के एकत्र होने पर पुलिस ने लाठियां फटकारीं, जिससे भगदड़ मच गई। भागते समय एक मतदाता रामलखन के गिरने से उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इसी गांव के प्राथमिक विद्यालय बूथ पर वोट डालने जा रहे मतदाता पुष्पेंद्र सिंह को मोबाइल लाने पर पुलिस ने थप्पड़ जड़ दिया।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
मारपीट से आहत युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दी और भाग गया। ग्रामीणों ने युवक की तलाश की तो वह खेत में पेड़ पर फांसी लगाने के लिए गमछा बांधते मिला, लोगों ने समझा-बुझाकर उसे शांत कराया। आईजी, कमिश्नर, डीएम व एसपी पूरे दिन बूथों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।
हरदोई जिले में मतदान केन्द्र चौधशिपुर बिलग्राम थाना सांड़ी में भीड़ दिखाई दी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम हो गई। वहीं ग्राम खम्हरिया में सास राम लड़ैती ने अपनी बहू प्रीति के साथ मतदान कर बाहर आते कहा कि विकास को देंगे प्राथमिकता।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
आईपीएस डॉ. अनिल कुमार संभालेंगे बिकरू की बागडोर
बिकरू कांड के बाद ये गांव बेहद संवेदनशील हो गया है। विकास दुबे का पंचायती चुनावों में दबदबा हुआ करता था। करीब 25 साल बाद करीब एक दर्जन प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। संवेदनशीलता को देखते हुए यहां की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आईपीएस डॉ. अनिल कुमार को सौंपी गई है। वे इलाके के बारे में भी भलीभांति परिचित हैं।
हरदोई जिले में बावन विकास खंड के मानपुर में 90 साल की अरुणा देवी ने पोते के साथ वोट डाला। वहीं दिव्यांग अनिल कुमार ठेली पर बैठकर वोट डालने आए। वहीं कानपुर नगर में बिल्हौर के ककवन व उत्तरीपुरा मतदान केंद्र पर वोट डालने को लेकर लंबी लाइन दिखी। कानपुर नगर में चौबेपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में भीड़ दिखाई दी। इस दौरान यहां सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम हो गई।
महोबा जिले में आईजी के सत्यनारायण ने पचपहरा व अटघार में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर में 90 वर्षीय जूनिया पत्नी फकीरा नाती के सहारे वोट डालने पहुंची। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतार दिखी। महोबा में सुबह 9 बजे तक 8 प्रतिशत मतदान हुआ।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में भरखनी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रतिभा मिश्रा व्हीलचेयर से मतदान करने पहुंची। वहीं बावन जूनियर हाईस्कूल के बूथ पर मतदाताओं की लंबी लाइन दिखी। बावन में प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर छोटे कद के पति-पत्नी ने वोट डाला। ये पति-पत्नी मतदाताओं में आकर्षण का केंद्र रहे।
दो प्रत्याशियों के बीच मतदान केंद्र में चले लाठी-डंडे
- फोटो : अमर उजाला
घाटमपुर में रार गांव के मतदान केंद्र में जमकर हंगामा हुआ। गांव में मतदान के दौरान दो प्रत्याशियों के बीच जमकर लाठी-डंडे व कुर्सियां चली। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दस लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के डर से मतदान के लिए आए लोग फरार हो गए। वोटिंग के दौरान जैसे ही एक प्रत्याशी मतदान केंद्र के अंदर गया लोगों ने फर्जी मतदान का आरोप लगा विवाद शुरू कर दिया।
डीएम और एसपी ने मतदान की स्थिति का जायजा लिया
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले में डीएम ने एसपी के साथ बघारी, पहाड़िया, श्रीनगर, ननौरा, जैतपुर, लमौरा, अजनर, इंद्रहटा आदि जगहों पर मतदान की स्थिति का जायजा लिया। मतदान कर्मियों को निर्देश दिए गए कि कोविड 19 प्रोटोकॉल का सख्ती से अनुपालन कराएं। साथ ही एक जगह पर 5 से ज्यादा लोग खड़े न हों।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में बिलग्राम मल्लावां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक आशीष सिंह आशु ने अपनी मां और परिजनों के साथ ग्राम देवमनपुर स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। वहीं विधायक प्रभाष कुमार ने अपने गांव शाहपुर में जूनियर स्कूल आटियां कोथावां में वोट डाला। हरदोई में 12 बजे तक 30 फीसदी मतदान हुआ।
वृद्धा की मौत
हरदोई में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम मझरा निवासी राजरानी (70) गुरुवार को वोट डालने के लिए गांव की अन्य महिलाओं के साथ प्राथमिक पाठशाला मानपुर गई थीं। यहां लाइन में लगे रहने के दौरान लगभग 12:15 बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। खून की उल्टी होने के बाद मौके पर ही राजरानी ने दम तोड़ दिया।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर नगर के शिवराजपुर के बैरी पोलिंग बूथ पर मोहर लगे मतपत्र बाहर आने से कई प्रत्याशी आग बबूला हो गए। जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।