सफीपुर (उन्नाव)। तहसील क्षेत्र के गांव महमूदपुर में संचालित गोशाला में भूख से तड़प रहे मवेशियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंगलवार को एसडीएम और बीडीओ ने गोशाला का निरीक्षण किया। टिन शेड न होने से मवेशी धूप में तपते मिले। इस पर अधिकारियों ने पंचायत सचिव को तत्काल टिन शेड लगवाने और भूसा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हालांकि उन्होंने किसी मवेशी के मृत होने की बात से इनकार किया।
महमूदपुर में संचालित गोशाला में भूसे की व्यवस्था न होने और मृत मवेशियों का वीडियो सोमवार रात सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। एसडीएम रामसकल मौर्या और बीडीओ गुलाबचंद्र मंगलवार सुबह गोशाला पहुंचे। गिनती कराई तो 270 मवेशी मिले। गोशाला में टिन शेड न होने से मवेशी धूप में खड़े हांफते मिले। भूसे की भी पर्याप्त उपलब्धता नहीं मिली। मौके पर कोई मवेशी मृत नहीं मिला। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जानकारी ली तो पता चला कि वीडियो में जो मृत मवेशी दिखाए गए हैं वह गोशाला से लगभग दो किलोमीटर दूर का मामला है। जहां ग्रामीण पालतू मवेशियों के शव फेंक देते हैं। बीडीओ ने पंचायत सचिव महेंद्र सक्सेना को निर्देश दिए कि टिन शेड की व्यवस्था कराकर मवेशियों को धूप से बचाया जाए। उन्हें पर्याप्त चारा दिया जाए ताकि मवेशी भूखे न रहें।