उन्नाव जिले के बारासगवर थानाक्षेत्र के गांव चिलौली में रविवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। घर के मेन गेट व कमरे में बाहर से ताला लगा होने के बाद 35 वर्षीय युवक का शव अंदर फर्श पर पड़ा मिला। दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने उसके दिल्ली में रह रहे पिता को सूचना दी थी।
भोर पहर घर पहुंचा पिता पुलिस की मदद से ताले तोड़कर घर में दाखिल हुआ तो बेटे का शव देख कांप गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। बारासगवर थाना क्षेत्र के ग्राम चिलौली निवासी सुनील रैदास (35) पुत्र बाबूलाल घर में अकेले रहता था।
उसके पिता अन्य बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। पिछले चार दिन से सुनील मोहल्ले में नहीं दिखा। शनिवार रात उसके घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने शक के आधार पर उसके पिता बाबूलाल को फोन पर जानकारी दी। पिता बाबूलाल ने अपने बहनोई बारा निवासी जियालाल को घर पहुंचने के लिए कहा।