मूसानगर (कानपुर देहात)। मुगल रोड पर मुक्ता देवी गेट के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हलियाघाट जा रहे थे। वहीं, कार सवार भी उसी अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।
मूसानगर थाना क्षेत्र के सुल्तनापुर निवासी श्याम यादव (47) पारिवारिक भतीजे विनाेद उर्फ कल्लू (35) के साथ बाइक से हलियाघाट की ओर जा रहे थे। मुगल रोड पर मुक्ता देवी गेट के पास पहुंचने पर सामने से आई कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों उछल कर सड़क पर जा गिरे। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पुखरायां पहुंचाया। जहां दोनों की मौत हो गई। कल्लू के पिता यदुनाथ ने बताया कि गांव निवासी चचेरे भतीजे शीलू की मौत हो गई थी। परिवार से सभी लोग मूसानगर के हलियाघाट अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। बेटा विनोद पारिवारिक भाई श्याम सिंह के साथ भी बाइक से आया था।
वहीं, घाट से अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे कार सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मथुरापुर, जहानाबाद फतेहपुर निवासी चालक रामू और सत्यनारायण भी घायल हो गए। अनहोनी से परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। मूसानगर थानाध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।