मिराज विमान के दो टैंक इटावा में गिरे
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय वायुसेना का मिराज लड़ाकू विमान मध्य प्रदेश के भिंड जिले के भरौली गांव में क्रैश हो गया। इसके पहले इटावा के सहसो थाना क्षेत्र के आंख डांडा व रघा का पुरा गांव के बीच पायलट ने विमान के दोनों फ्यूल टैंक गिरा दिए। एक खेत में फ्यूल टैंक जोरदार आवाज के साथ गिरे, तो आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई।
लोग मौके पर पहुंचे और फ्यूल टैंकों को देखकर राहत की सांस ली। खेतों में फ्यूल टैंक के गिरने की जानकारी पुलिस को लोगों ने दी। पुलिस ने दोनों टैंकों को खेत में सुरक्षित करा दिया है। टैंकों की सुरक्षा को पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि लोग टैंकों के पास कोई न पहुंच सके। मामले की सूचना आला अफसरों के साथ ही ग्वालियर एयर फोर्स स्टेशन को दी गई है।
ग्वालियर एयर फोर्स स्टेशन का लड़ाकू विमान बृहस्पतिवार को रूटीन उड़ान को निकला था। सुबह करीब 11 बजे उड़ान भरता हुआ इटावा से ग्वालियर मध्य प्रदेश की तरफ जा रहा था। उसी दौरान उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित इटावा के सहसो थाना क्षेत्र से गुजर रहा था।