पुखरायां। रजिस्ट्रार ऑफिस में प्लाट के बैनामे को लेकर शुक्रवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान लाठी डंडे चलने से दो लोग गंभीर घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल ने लोगाें का शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि एक पक्ष ने प्लाट का फर्जी बैनामा कराए जाने की तहरीर दी है।
तहसील स्थित रजिस्ट्रार दफ्तर में शुक्रवार को दुल्लापुर गांव के बालकराम पाल, हरवेंदर व धर्मेंद्र कस्बा बाईपास स्थित एक प्लाट का बैनामा कराने लिए पहुंचे। इसी दौरान सुखसौरा गांव के अजय पाल, कुलदीप पाल व राजेंद्र पाल ने गलत बैनामा कराने का आरोप लगाकर विरोध शुरू कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
जानकारी पर कोतवाल बैजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। मारपीट में एक पक्ष से घायल अजय पाल व दूसरे से धर्मेंद्र को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
कोतवाल बैजनाथ सिंह ने बताया कि एक पक्ष ने तहरीर दी है कि उनकी दादी के नाम दर्ज प्लाट का फर्जी तरीके से बैनामा कराया जा रहा था। रोक लगाए जाने की फरियाद करने पर उनपर हमला किया गया।