फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होगी सख्त कार्रवाई: आउटर में तीन नए महिला थाने शुरू, जल्द होगा थानों की बिल्डिंग का निर्माण

Wed, 13 Apr 2022 08:30 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

कानपुर के आउटर में चौबेपुर, सजेती और सचेंडी में फौरी तौर पर तीन नए महिला थाने शुरू किए गए हैं। इससे आउटर में थानों की संख्या 14 हो गई है। यहां महिला अपराध संबंधित शिकायतें दर्ज होंगी। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर के आउटर क्षेत्र में तीन नए महिला थानों की शुरुआत की गई है। शासन की मंजूरी के बाद चौबेपुर, सजेती और सचेंडी थाने में अस्थायी दफ्तर बना महिला थानों की शुरुआत कर दी गई है। महिला थानेदारों की तैनाती भी हो गई है। कुछ समय बाद इन थानों की नई बिल्डिंग भी बनेगी। महिला अपराध पर अंकुश लगाने और ऐसे मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई करने के लिए ये पहल की गई है। 

विज्ञापन

पिछले साल 25 मार्च 2021 को कानपुर में कमिश्नरी व्यवस्था लागू की गई थी। तब आउटर अलग किया गया था, जिसमें 11 थाने थे। वर्तमान में कानपुर आउटर के एसपी आईपीएस अजीत कुमार सिन्हा हैं। ग्रामीण इलाकों में महिला संबंधी अपराध अधिक है। इसको गंभीरता से लेते हुए आउटर पुलिस ने शासन को तीन महिला थाने बनाए जाने का प्रस्ताव भेजा था। अब शासन ने उस पर मुहर लगा दी है। ये थाने चौबेपुर, सजेती व सचेंडी में शुरू किए गए हैं। फिलहाल अस्थायी रूप से इन्हीं तीनों थानों में महिला थाने के कार्यालय बनाए गए हैं। बजट आने के बाद अलग से थानों का निर्माण कराया जाएगा। 

महिलाओं के लिए होगी सुविधा, आउटर ने रचा इतिहास
अभी तक कानपुर में एक ही महिला थाना था। यही व्यवस्था सूबे के प्रत्येक जनपद में है। अब पुलिस व्यवस्था के मद्देनजर कानपुर आउटर पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसमें तीन महिला थाने हैं। मकसद है कि अगर महिला संबंधी अपराध होता है, तो पीड़िता को समस्या का सामना न करना पड़े। कम समय में वह पुलिस से संपर्क करें। बेहतर ढंग से कार्रवाई हो सके। पीड़िता को भटकना न पड़े। 

पहली बार इनको मिली कमान
थाना प्रभारियों के लिए कानपुर देहात, कन्नौज व इटावा से गाड़ी भी मंगा ली गई है। महिला थाने के लिए एक प्रभारी कार्यालय व पांच कमरे बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सचेंडी महिला थाने की कमान एसआई आराधना को सौंपी गई है और एसआई प्रिया वर्मा को सजेती महिला थाने का थानेदार बनाया गया है। चौबेपुर महिला थाने का प्रभारी जिसको बनाया गया, उन्होंने असमर्थता जताई है। इसलिए वहां किसी नए एसओ की तैनाती की जाएगी। 
विज्ञापन

समाजसेवी संस्था करेगी मदद 
शासन से तीन थाना बनने की संस्तुति तो दे दी गई, लेकिन अभी फंड जारी नहीं किया है। इसमें थोड़ा वक्त लग सकता है। इस बीच कई समाज सेवी संस्थाओं से पुलिस ने संपर्क किया है। ये संस्थाएं थानों की कुछ आवश्यकताओं को पूरी करेंगी, जिससे अस्थायी थाने चल सके। वहीं पुलिस विभाग ने आउटर के सभी थानों के लिए एक एक वॉटर कूलर भी खरीदा है, जिससे पीने की पानी की समस्या दूर हुई है।
 
यहां होगी सुनवाई 
बिल्हौर सर्किल - चौबेपुर महिला थाना
घाटमपुर सर्किल - सजेती महिला थाना 
सदर सर्किल - सचेंडी महिला थाना 
 
शासन से तीन महिला थाने की मांग कर प्रस्ताव भेजा गया था। सोमवार को शासन ने थानों की मंजूरी दे दी है। फिलहाल अस्थायी रूप से थानों की शुरुआत कर दी गई है। महिला अपराध संबंधी शिकायतों को प्रभावी ढंग से सुनवाई कर कार्रवाई करने में आसानी होगी। - अजीत कुमार सिन्हा, एसपी आउटर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें