कानपुर देहात। उदनपुर ग्राम पंचायत में पूर्व ग्राम प्रधान ने निर्माण कार्यों में लाखों रुपये के सरकारी धन का दुरुपयोग किया। जांच में पुष्टि होने पर डीएम ने 3.04 लाख रुपये वसूलने का नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह मेें दुरुपयोग की गई राशि जमा न करने पर भू-राजस्व की तरह वसूली की जाएगी।
डेरापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत उदनापुर की पूर्व प्रधान विनीता देवी पर निर्माण कार्यों में सरकारी धनराशि दुरुपयोग करने की शिकायत गांव के ही उमाशंकर ने 19 जनवरी को संपूर्ण समाधान दिवस मेें की थी। जिसकी जांच उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव व परियोजना निदेशक डीआरडीए डीके यादव की संयुक्त समिति ने की।
जांच के दौरान दो निर्माण कार्यों में 139429 रुपये व 469414 रुपये सहित कुल 608843 रुपये का दुरुपयोग होने की पुष्टि हुई। इस बाबत पूर्व ग्राम प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया। उनके जवाब का जिला विकास अधिकारी ने परीक्षण किया तो भी उक्त धनराशि दुरुपयोग की पुष्टि हुई। जिस पर कार्रवाई शुरू की गई है।
डीएम जेपी सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य के नाम पर 6.08 लाख रुपये दुरुपयोग करने में उदनापुर की पूर्व ग्राम प्रधान विनीता देवी को आधी राशि 304421 रुपये 50 पैसे ग्राम पंचायत के ग्राम निधि प्रथम में एक सप्ताह के अंदर जमा करने की नोटिस जारी किया गया है। उन्हें इसकी रसीद डीपीआरओ कार्यालय में जमा करानी होगी। धन जमा न करने पर भू-राजस्व की तरह दुरुपयोग की गई राशि वसूल की जाएगी।