कानपुर में चकेरी के सफीपुर प्रथम में रविवार सुबह निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से होर्डिंग निकालते समय तीन मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो झुलसे मजदूरों को पुलिस ने कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से एक को हैलट रेफर कर दिया गया।
फतेहपुर के बकेवर निवासी मजदूर रामकुमार (45) अहिरवां के संजीव नगर में पत्नी शशि देवी और सात बच्चों के साथ किराये के मकान में रहते थे। बेटे धीरेंद्र ने बताया कि पिता सफीपुर प्रथम में सुरेश सिंह भदौरिया के निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे।
रामकुमार के साथ उनके साढ़ू अहिरवां निवासी राजेंद्र और उन्नाव कल्लूपुरवा निवासी मैकूलाल भी थे। रविवार सुबह मकान की दूसरी मंजिल में प्लास्टर होना था। जिसके लिए तीनों मकान में लगी होर्डिंग उतार रहे थे।
अचानक होर्डिंग मकान से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। करंट से रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजेंद्र और मैकूलाल बुरी तरह से झुलस गए। राजेंद्र को कांशीराम अस्पताल से हैलट रेफर कर दिया गया है।
परिजनों ने किया हंगामा
हादसे में मृतक रामकुमार के परिजनों ने कांशीराम अस्पताल में मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। चकेरी इंस्पेक्टर मधुर मिश्रा ने परिजनों से बात कर उन्हें मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।