हादसे में बिना हेलमेट बाइक सवारों की मौत से लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं। बुधवार रात को हुए अलग-अलग हादसों में बिना हेलमेट फिर तीन बाइकर्स की मौत हो गई।
एक हादसे में सूर्या ढाबे के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो की जान चली गई। दूसरे हादसे में बिरहाना चौराहे पर ट्रक की टक्कर से युवक की मौत हो गई। वहीं तीसरे हादसे में इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रहे कानपुर के छात्र की शिवली रोड पर सड़क हादसे में जान चली गई।
सिकंदरा कस्बे के गांधी नगर निवासी जगराम वाल्मीकि (47) की पत्नी छोटी ने बताया कि परिवार के ही रतन की दो बेटियों की शादी थी। बुधवार देर रात जगराम रिश्तेदार संदलपुर निवासी राजेंद्र (40) के साथ बाइक से दोना-पत्तल लेने के लिए बाजार जा रहे थे।
सूर्या ढाबे के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत से शादी का माहौल मातम में बदल गया। थाना इंचार्ज अंबरीश यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ड्राइवर फरार है। उधर, भिंड, मध्य प्रदेश के बंधीपुर-भूप निवासी लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया वह भतीजे विकास (18) के साथ बाइक से कानपुर आए थे।
घर लौटते वक्त सिकंदरा के बिरहाना चौराहे पर ट्रक टक्कर मारते हुए चला गया। इसमें विकास की मौके पर मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। वहीं बिल्हौर के बीबीपुर गांव में दो ट्रकों की भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई।