डेरापुर। श्याम नगर निवासी मासूम को खेलते समय सांप ने डस लिया। जानकारी पर परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल न जाकर झाड़फूंक कराने पड़ोस के गांव पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई।
कस्बे के श्यामनगर निवासी संजय बाल्मीकि की पत्नी ज्योति शुक्रवार शाम घर के आंगन में एक वर्षीय बेटे यश को खिलौने देकर काम करने लगी। उसी दौरान मासूम को सांप ने डस लिया। जानकारी पर परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर मनोज गुप्ता ने प्राथमिक उपचार के बाद मासूम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक के लिए पड़ोस के गांव ले गए। जहां मासूम की मौत हो गई। चिकित्सक मनोज गुप्ता ने बताया कि अगर परिजन बच्चे को समय से अस्पताल ले जाते, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। (संवाद)