इटावा। चार अगस्त से देशभर में सॉफ्टवेयर 2.0 पर काम होना था। डाक विभाग कई दिनों से अपडेशन काम में लगा हुआ था। दावा था कि सभी काम पूरे कर लिए गए हैं। सोमवार से काम सुचारु रूप से होंगे। सोमवार को डाकघर खुले तो सॉफ्टवेयर नहीं चला। इससे आए लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। मंगलवार को भी डाक घर खुले तो सॉफ्टवेयर बहुत धीमी गति से काम कर सका, इससे दिनभर डाकघर में ग्राहकों की भीड़ बनी रही।
डाक विभाग में सॉफ्टवेयर अपडेशन लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। मंगलवार को भी सुबह से सॉफ्टवेयर के न चलने से जिले भर के डाकघरों सही ढंग से काम नहीं हो सका। स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, नकदी जमा-निकासी व अन्य काम न होने से लोग परेशान रहे। मुख्य डाकघर में आए लोगों की कर्मचारियों से नोकझोंक हुई। बेबस कर्मचारी व्यवस्था जल्द शुरू होने का आश्वासन देते रहे। प्रधान डाकघर में जमा निकासी और रजिस्ट्री का काम काफी धीमी गति से हुआ।
इसके कारण सभी काउंटरों के सामने उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी लाइन लगी दिखाई दी। डाकघर में राखी की स्पीड पोस्ट करने पहुंचे मयंक तिवारी ने बताया कि वह सोमवार को भी आए थे, तब काम नहीं हो सका। मंगलवार को भी यह कहकर टरका दिया गया कि सर्वर धीमा है इंतजार कर लीजिए। प्रधान डाकघर में धन निकासी के लिए पहुंची उर्दू मोहल्ला की नफीसा बानो ने बताया कि उन्हें पैसे की जरूरत है लेकिन यहां बताया गया कि सर्वर ही नहीं चल रहा है।
डाकघरों में स्पीड पोस्ट व रजिस्ट्री न होने से कुरियर वालों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई हैं। इसमें खासकर महिलाओं की भीड़ है जो अपने भाइयों के लिए राखी भेजने के लिए पहुंचीं हैं। लोगों का कहना है कि डाक विभाग को अपडेशन कार्य त्योहार बाद करना चाहिए था।
डाकघरों में सर्वर का अपडेशन हुआ है। मंगलवार को काम हुआ लेकिन तेजी से नहीं हो सका। इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया दिया गया है। जल्द ही सर्वर सही ढंग से काम करने लगेगा, इसके बाद ग्राहकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
चंद्रशेखर बरुआ, अधीक्षक प्रधान डाकघर