पुखरायां में रविवार को जुआ खेलते समय गिरफ्तार किए गए लोग। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
पुखरायां। इंद्रानगर मोहल्ले में सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव के निर्माणाधीन मकान में जुआ खेलने की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने दस लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, मौके से 1.13 लाख रुपये व ताश की एक गड्डी बरामद की। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुखरायां चौकी इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी ने बताया कि वह रविवार को वह उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, चैनपाल सिंह, अरमान शाह के साथ कस्बे में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव हिमांशु यादव के निर्माणाधीन मकान में जुआ खेला जा रहा है। इस पर सीओ भोगनीपुर को सूचना देकर हिमांशु के मकान में छापा मारा गया।
वहां जुआ खेल रहे इंद्रानगर निवासी हिमांशु यादव, जालौन के डकोर निवासी पुष्पेंद्र यादव, मालवीय नगर के लालू सचान, जवाहर नगर के रिजवाल अली, आंबेडकर नगर के नितिन चौहान, मीरपुर के सुरजीतसिंह, लंगड़ेपुरवा के गोलू यादव व करन यादव, भोगीसागर के ब्रजकिशोर व सुजगवां के ध्रुव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से एक लाख तेरह हजार छह सौ बीस रुपये व ताश की एक गड्डी बरामद हुई है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। पकड़े गए सभी लोगाें पर जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।