रामजन्म भूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी युग पुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज के दर्शनों के लिए गुरुवार को फतेहपुर के मवईधाम में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। महाराज ने भक्तों को गरीबों की सेवा के लिए प्रेरित किया।
कहा कि गरीबों की सेवा ही सबसे बड़ा परमार्थ है। कहा कि भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण समय पर पूरा होगा। संपूर्ण विश्व के भक्तों की रामलला के दर्शन की अभिलाषा पूर्ण होगी। जनसंख्या नियंत्रण कानून के विषय में बेबाकी से बोले कि, आगामी पीढ़ी के खुशहाल जीवन के लिए यह अति आवश्यक कदम है।
इसमें देरी नहीं करनी चाहिए। आरक्षण के सवाल पर कहा कि कमजोर जातियों को मजबूत करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई थी। इसका लाभ कमजोर लोगों को नहीं मिल पा रहा है। आरक्षण का लाभ कमजोर लोगों को मिलना चाहिए।
अखंड परम धाम के उत्तराधिकारी महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज ने भी भक्तों को अध्यात्म का रसास्वादन कराया। बताया कि जो बांटा जाता है, वह प्रसाद होता है और जो बटोरा जाता है वह विषाद होता है। इस मौके पर पूर्व शिक्षक विधायक लवकुश मिश्रा, हरिनारायण दुबे उर्फ नंदन बाबू, लोकनाथ पांडेय, साहब सिंह और सुशील सिंह सहित बड़ी तादाद में भक्तों ने संत से आशीर्वाद प्राप्त किया।