यूपी के फर्रुखाबाद जिले में अमृतपुर के तत्कालीन पूर्ति निरीक्षक के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में छेड़छाड़ और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें महिला ने घर बुलाकर रुपये लेने के बाद छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
तत्कालीन पूर्ति निरीक्षक इन दिनों निलंबित चल रहे हैं। इनका मुरादाबाद तबादला हो चुका है। अमृतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक अनुसूचित जाति की महिला ने अमृतपुर पूर्ति कार्यालय में तैनात रहे पूर्ति निरीक्षक देवी प्रसाद तिवारी के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की थी।
फरवरी 2018 में पूर्ति कार्यालय में तैनात पूर्ति निरीक्षक ने संविदा पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए फतेहगढ़ जय नरायन वर्मा रोड स्थित आवास पर आने को कहा। वह चार फरवरी को पति के साथ आवास पर जाकर उनसे मिली।