महाराजपुर थानाक्षेत्र में दीपावली के दिन घरेलू सामान व पूजन सामग्री खरीदकर लौट रहे बाइक सवार चाचा और चचेरे भाइयों की उलटी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। जबकि चाचा और भतीजा घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घायलों को सीएचसी सरसौल में भर्ती कराया है।
महाराजपुर के ग्राम सुभौली निवासी चंद्रभान यादव किसान हैं। उनका इकलौता बेटा अभिषेक बाबा (18) विश्वनाथ इंटर कॉलेज से नौवीं का छात्र था। सोमवार देर शाम अभिषेक अपने चचेरे भाई राज और चाचा शैलेंद्र के साथ बाइक से दीपावली पूजन सामग्री और सब्जी खरीदने के लिए छतमरा जा रहे थे। खरीदारी कर वह लोग घर लौट रहे थे। बाइक चाचा शैलेंद्र चला रहे थे। तभी तिलसहरी की ओर से उलटी दिशा में आ रहे नशे में धुत ट्रैक्टर चालक से बाइक में टक्कर लग गई। किसी तरह चाचा शैलेंद्र ने कूदकर जान बचाई जबकि अभिषेक की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हाे गई। जबकि चाचा शैलेंद्र और चचेरा भाई राज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे देख जब तक राहगीर चालक को पकड़ते वह ट्रैक्टर छोड़ मौके से भाग निकला।