कानपुर में एसटीएफ यूनिट ने सोमवार तड़के नेपाल से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से सवा चार करोड़ की चरस बरामद हुई, जिसे शहर व आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाना था। एसटीएफ इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मोतिहारी निवासी रोशन पटेल, बर्रा निवासी आशीष टक्कर और औरैया के शैलेंद्र कुमार सोनी उर्फ शीलू को गिरफ्तार किया गया है।
उनके पास से करीब 85 किलो चरस बरामद की गई। तीनों करीब डेढ़ साल से तस्करी कर रहे थे। आरोपियों के पास से बोलेरो, बाइक, 13 हजार 500 रुपये नकद, मोबाइल, सुनौली बार्डर से नेपाल में दाखिल होने वाले दो एंट्री परमिट बरामद किए हैं। पुलिस को गिरोह में रोशन के माता, पिता समेत कई महिलाएं व एजेंटों के भी शामिल होने का इनपुट मिला है। चरस की खेप लईक नाम के शख्स को पहुंचानी थी, जिसकी तलाश की जा रही है।