कानपुर में किदवईनगर के ब्लॉक निवासी मोनू हक्कल (26) की मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने इलाकाई लोगों के साथ बगाही चौकी के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस की पिटाई से युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए बगाही चौकी में हंगामा किया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया। मोनू कैटरिंग का काम करता था। परिवार में मां शिव देवी, दो बहनें ज्योति उर्फ पिंकी, जाह्नवी, दो भाई राकेश व अमन हैं। बहन ज्योति ने बताया कि मोनू का बगाही निवासी युवती से छह सालों से प्रेम प्रसंग था।
युवती की मां ने भाई के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। आरोप है कि बगाही चौकी में तैनात दो सिपाही इंद्रजीत और शिव प्रकाश सोमवार दोपहर चार बजे राजीव पार्क चौराहे से मोनू को चौकी ले गए। वहां से लौटने पर मोनू ने बताया कि पुलिस ने उसे चौकी में बहुत पीटा।