पहचान मिटाने के लिए चेहरे को वीभत्स कर दिया
हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए महिला के चेहरे को वीभत्स कर दिया था। इस मामले में एसपी ने थाना समेत एसओजी, सर्विलांस, फोरेंसिक टीम को लगाया था। पुलिस की छानबीन में सामने आया कि मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी महिला माया देवी (35) की गुमशुदगी 25 सितंबर को गौरिहार थाने में दर्ज है। पुलिस ने गहरी छानबीन की तो पता चला कि मृतका माया देवी की दो शादियां हुई थीं।
महिला ने पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी थी
वह अपने दूसरे पति रामकुमार अहिरवार के साथ रहती थी। रामकुमार अहिरवार के पहली पत्नी से दो पुत्र सूरज प्रकाश (22) व छोटू उर्फ ब्रजेश (19) वर्ष हैं। एसपी ने बताया कि माया देवी का सौतेला पुत्र सूरज प्रकाश उस पर गलत निगाह रखता था। इसका विरोध महिला कर रही थी। उसने पति रामकुमार से पुत्र की शिकायत भी की थी। लेकिन पति ने अनसुनी कर दी। तब महिला ने पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी थी। 25 सितंबर को माया को पति रामकुमार, दोनों बेटे और भतीजा उदयभान पिकअप से मेला दिखाने के बहाने घर से लेकर निकले।
एक पिकअप गाड़ी, कुल्हाड़ी, चार मोबाइल फोन बरामद
चमरहा गांव के पास झाड़ियों में पिकअप से उतारकर माया की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद कुल्हाड़ी से सिर को धड़ से अलग कर दिया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से महिला के सिर के बाल भी घोट कर चेहरे को कुल्हाड़ी से काटकर वीभत्स कर दिया था। उसकी जन्मजात एक अंगुली कटी होने पर हत्यारों ने उसकी बाकी चार अंगुलियों को भी काट दिया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को दुरेड़ी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी, कुल्हाड़ी, चार मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
छतरपुर, पन्ना से गुमशुदगी के 100 मामले खंगाले... तब हुआ खुलासा
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि महिला की लाश मिलने के बाद उन्होंने सीमावर्ती मध्य प्रदेश के छतरपुर व पन्ना जिले से ऐसी 100 महिलाओं के विषय के रिकार्ड निकलवाया, जिनकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। इनमें से चार-पांच महिलाओं के गुमशुदगी के केसों की स्टडी की गई। जिसमें गौरिहार के पहरा गांव से 25 सितंबर को गुमशुदगी में माया देवी की रिपोर्ट संदिग्ध लगने पर उसके परिजनों को ट्रेस किया गया। जिसमें इस हत्याकांड का खुलासा हुआ।
हत्यारोपी पति ने सौतेले पुत्र से अवैध संबंध का लगाया आरोप
खुलासे के दौरान हत्यारोपी पति रामकुमार अहिरवार ने पुलिस को बताया कि मृतका माया के अपने सौतेले पुत्र सूरज प्रकाश से अवैध संबंध थे। महिला लगातार सूरज को अपने साथ रहने के लिए विवश कर रही थी। साथ वह दूसरे पुत्र बृजेश को भी अवैध संबंध बनाने के लिए परेशान करती थी। कहना न मानने पर दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देती थी। इसकी जानकारी जब उसे हुई तो उसने महिला की हत्या करने की योजना बनाई थी।
टीम को शाबाशी के साथ इनाम
एसपी अंकुर अग्रवाल ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तारी व खुलासे में शामिल टीम में थानाध्यक्ष मटौंध रामदिनेश तिवारी, एसआई चौकी प्रभारी भूरागढ़ आनंद कुमार, एसआई प्रभारी सर्विलांस राधाकृष्ण तिवारी, एसआई अरविंद कुमार मौर्य समेत पुलिस टीम शामिल रही।