कानपुर देहात। कोविड महामारी बढ़ने के चलते चुनाव आयोग वर्चुअल प्रचार पर जोर दे रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफार्म के एकाउंट पर प्रचार सामग्री अपलोड की जाएगी। इसमें आचार संहिता का उल्लंघन ढूंढने के लिए पुलिस की टीमों ने निगरानी शुरू कर दी है।
पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व संभावित उम्मीदवार और समर्थकों के फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्स एप ग्रुप पुलिस के रडार पर हैं। जिन्हें लगातार फालो किया जा रहा है। जिले में तीसरे चरण में 20 फरवरी को चुनाव है। विधायक बनने का सपना देखने वाले नेता टिकट पाने के लिए लखनऊ में डेरा डाले हैं। टिकट मिलने व नामांकन के बाद प्रचार में तेजी आएगी लेकिन पुलिस ने तैयारी अभी से शुरू कर दी हैं।
मौजूदा जनप्रतिनिधि, संभावित उम्मीदवार और राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारी फेसबुक, ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रिय हैं। पुलिस के सोशल मीडिया सेल ने सभी के एकाउंट खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही इसकी पूरी तैयारी कर ली है कि डाली गई प्रचार सामग्री का अवलोकन तत्काल किया जा सके। विवादित मामले होने पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।