काकादेव थाने में एसएनके पान मसाला कम्पनी के मालिक व निदेशक
- फोटो : अमर उजाला
एसएनके पान मसाला समूह के मालिकों पर 29 जुलाई को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की थी। जांच में चार सौ करोड़ के अघोषित कारोबार की जानकारी मिली थी। कंपनी के मालिक इतनी बड़ी रकम का स्रोत तक नहीं बता पाए थे। अब 60 करोड़ से अधिक की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है।
जांच में पता चला है कि गिरफ्तार निदेशक अविनाश मोदी की इसमें पार्टनरशिप है और कानपुर व आसपास के जिलों का कामकाज वही संभालता है। इतनी बड़ी कार्रवाई से शहर के उद्यमियों और पान मसाला कारोबार से जुड़े कारोबारियों में खलबली मची है।
प्रधान आयकर निदेशक जांच के निर्देश पर आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने एसएनके समूह के मालिक नवीन कुरेले और प्रवीण कुरेले के कानपुर नगर स्थित आवास, गोदाम, फैक्ट्री के अलावा दिल्ली में सात जगह, उरई, नोएडा में एक साथ 19 ठिकानों पर छापे मारे थे।
पांच दिन चली जांच में हर दिन नए-नए खुलासे हुए थे। तीन साल के भीतर ही एसएनके समूह ने 115 बोगस कंपनियों के जरिये रियल इस्टेट कारोबार में 226 करोड़ और 110 करोड़ रुपये पान मसाला के कारोबार में लगाए गए थे। एजे सुगंधी कंपनी में पार्टनरशिप वाली एसीई इन्फ्रा सिटी के 11 आवासीय और छह व्यावसायिक समेत 17 प्रोजेक्ट दिल्ली और एनसीआर में चल रहे थे।