जीएसटी चोरी में एसएनके पान मसाला समूह के मालिक नवीन कुरेले और निदेशक अविनाश मोदी को डीजीजीएसटीआई (डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस) की टीम ने मंगलवार देरशाम गिरफ्तार कर लिया। इन पर करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप है।
डीजीजीएसटीआई दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ की संयुक्त टीमों ने दो दिन तक चली जांच के बाद कार्रवाई की है। इन शहरों में स्थित पान मसाला बनाने वाली कंपनियों पर छापे के बाद मिली जानकारी में जीएसटी चोरी का बड़ा मामला सामने आने के बाद टीमें दो दिन से शहर में ये टीमें दो दिन से शहर में जांच-पड़ताल में जुटी थीं।
11 दिन पहले आयकर विभाग की टीमों ने भी एसएनके ग्रुप के ठिकानों पर छापे मारकर चार सौ करोड़ रुपये का अघोषित कारोबार पकड़ा था। सूत्रों के मुताबिक, डीजीजीएसटीआई की टीमों ने सोमवार को एसएनके पान मसाला की पनकी स्थित फैक्ट्री, पांडु नगर स्थित कर्मचारियों और अफसरों के आवासों के साथ ही स्वरूपनगर स्थित कुरेले हाउस में छापा मारा था।
दो दिन चली पूछताछ और जांच के बाद मंगलवार देर शाम दोनों को गिरफ्तार करके टीमें ले गईं। टीमें बड़े पैमाने पर दस्तावेज, कंप्यूटर, लैपटॉप आदि भी जब्त करके ले गई हैं। सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों दिल्ली की एक बड़ी पैकेजिंग मैटेरियल कंपनी पर कार्रवाई की गई थी।