प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी सामाजिक परिवर्तन यात्रा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए निकाली जा रही है। कहा कि पिछले दो साल से वह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से गठबंधन की बात करते आ रहे हैं, अब जाकर दीपावली पर उन्होंने गठबंधन के कुछ संकेत दिए हैं।
विज्ञापन
लेकिन हमारा गठबंधन सीटों के आधार पर ही होगा। यदि समाजवादी पार्टी से गठबंधन नहीं होता है तो जल्द ही किसी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी से वह गठबंधन करके चुनाव मैदान में आएंगे। रविवार को कानपुर में पनकी से शुरू हुई सामाजिक परिवर्तन यात्रा के अवसर पर शिवपाल यादव ने अखिलेश यादव की तरफ से जिन्ना को लेकर दिए गए बयान के सवाल पर कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी नया इतिहास बनाने को लेकर काम कर रही है।
कहा कि वह इतिहास के पुराने पन्नों को पलटना नहीं चाहते हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की परिवर्तन यात्रा पनकी से शुरू होकर विजयनगर होते हुए किदवई नगर, हरजेंदर नगर, जाजमऊ होकर उन्नाव के लिए निकलेगी। इस यात्रा का संयोजन पार्टी के महानगर अध्यक्ष आशीष चौबे व महानगर इकाई के पदाधिकारियों की तरफ से किया गया है।