प्रमुख सचिव पंचायतीराज चंचल तिवारी ने बुधवार को अकबरपुर विकासखंड के
लोहिया ग्राम दुर्गापुरवा व हसनापुर में हुए विकास व शौचालय निर्माण सहित
अन्य कार्यों का निरीक्षण किया।
दुर्गापुरवा पहुंचे प्रमुख सचिव को वित्तीय
वर्ष 2014-15 के दौरान बनाए गए शौचालयों में बड़ा घालमेल मिला। गांव में
पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान 115 शौचालयों का लक्ष्य दिया गया था।
गांव में
सभी शौचालय पूरे होने की रिपोर्ट अधिकारियों ने शासन तक भेज दी। जबकि मौके
पर मात्र 70 शौचालय ही बने मिले। जिसपर प्रमुख सचिव ने डीपीआरओ व पंचायत
सेक्रेटरी को कड़ी फटकार लगाई। और कार्रवाई की बात कही।
इससे पहले
बुधवार को पंचायती राज प्रमुख सचिव ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ
बैठक की, जिसमें अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए और विकास कार्य युद्धस्तर
पर पूरा करने को कहा।
इसके बाद वह अकबरपुर तहसील क्षेत्र के 1084 आबादी
वाले व 212 परिवारों के लोहिया ग्राम दुर्गापुरवा पहुंचे। जहां प्राथमिक
विद्यालय में उन्होंने चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने लोहिया ग्राम को
आवंटित धनराशि के हिसाब से सीसी सड़क, पंचायत भवन, शौचालय, सफाई कार्य की
जानकारी ली।
विद्यालय के शिक्षक ने प्रमुख सचिव को बताया कि पिछले 5 नवंबर
2015 को विद्यालय से गैस सिलेंडर, खाना बनाने के बर्तन, भगौने आदि चोरी हो
गए हैं। इससे एमडीएम नहीं बन रहा है।
चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
मामले में प्रमुख सचिव ने एसडीएम सदर अपूर्वा दुबे को व्यवस्था दुरुस्त
कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी व टीकाकरण
की जानकारी ली।
राशन मिलने के बारे में पूछने पर ग्रामीणों ने बताया कि
गांव का राशन नरिहा से संबद्ध किया गया है। इस दौरान प्रमुख सचिव ने गांव
की गलियों में भ्रमणकर सीसी सड़कों का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में वह
समग्र विकास योजना 2015-16 के तहत चुने गए लोहिया गांव हसनापुर पहुंचे।
जहां सड़क निर्माण में हो रही देरी के लिए जेई शोभा को फटकार लगाई और शीघ्र
कार्य पूरा करने की बात कही। इस बीच उन्होंने प्रधान इंद्रभान सिंह से
शौचालय निर्माण व आवास संबंधित जानकारी ली।
प्रधान इंद्रभान सिंह ने बताया
कि गांव में 129 शौचालय प्रस्तावित हैं, जिनमें 40 निर्माणाधीन हैं। वहीं
आवास के लिए एक त्रिस्तरीय कमेटी ने सत्यापन किया है। जिसके बाद शीघ्र ही
काम शुरू होगा।
निरीक्षण के क्रम में प्रमुख सचिव ने सेनेटरी नैपकीन पैड
निर्माण इकाई पंचायत उद्योग को देखा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को
नैपकीन पैड खरीदे जाने का शासनादेश जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन
शिवशंकर गुप्ता, सहायक निदेशक सूचना प्रमोद कुमार, एसडीएम सदर अपूर्वा
दुबे, डीपीआरओ शिवशंकर सिंह, अधिशाषी अभियंता आरईएस बीडी पाठक, जेई शोभा
सहित अन्य मौजूद रहे।