संजीत यादव अपहरण हत्याकांड में केस दर्ज करने के बाद सीबीआई ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को लखनऊ सीबीआई दफ्तर में तैनात एक अफसर संजीत के घर पहुंचे। संजीत के परिजनों को केस दर्ज किए जाने की जानकारी दी और एफआईआर कॉपी रिसीव कराई।
उसके बाद पुलिस कमिश्नर को भी एक कॉपी दी। अब आगे की तहकीकात टीम शुरू करेगी। सीबीआई ने सोमवार शाम को मामले में एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई के एक अफसर मंगलवार शाम करीब छह बजे बर्रा दो स्थित संजीत के घर पहुंचे। एक पीले पर्चे पर संजीत के पिता चमन लाल से हस्ताक्षर कराए।
जिसमें एफआईआर संबंधी विवरण लिखा हुआ था। उसके बाद जो एफआईआर दर्ज की थी उसकी एक कॉपी उनको सौंप दी। उन्होंने बताया कि अब केस की जांच सीबीआई करेगी। जल्द ही एक टीम वहां आकर आगे की कार्रवाई करेगी।