इस संबंध में सीबीडीटी की प्रवक्ता सौरभी अहलूवालिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आयकर विभाग ने मुंबई में अभिनेता सोनू सूद और इन्फ्रास्ट्रक्चर कारोबार में लगे लखनऊ के समूह के मुंबई, लखनऊ, कानपुर, जयपुर, दिल्ली और गुरुग्राम स्थित 28 परिसरों जांच की।
इसमें कर चोरी से जुड़े अहम दस्तावेज और गलत तरीके से फंड डायवर्ट करने के साक्ष्य मिले हैं। 20 लोगों ने इसे स्वीकार भी किया है। बोगस कंपनियों के जरिये बोगस लोन दिखाए गए हैं। नकदी के बदले फर्जी बिलिंग की गई।
अभिनेता की ओर से स्थापित चैरिटी फाउंडेशन ने एक अप्रैल 2021 तक 18.94 करोड़ रुपये का दान जुटाया है। इसमें से 1.9 करोड़ खर्च किए हैं, जबकि 17 करोड़ बिना इस्तेमाल के खाते में हैं।
चैरिटी फाउंडेशन ने विदेशी योगदान अधिनियम (एफसीआरए) के नियमों का उल्लंघन करते हुए क्राउड फंडिंग प्लेटफॉर्म पर विदेशी दानदाताओं से 2.1 करोड़ भी जुटाए हैं।