कानपुर देहात। माह के पहले शनिवार को तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं गई। पांच तहसीलों में कुल 496 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें मौके पर सिर्फ 12 का निपटारा हो सका।
अकबरपुर में एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा एएसपी मौजूद रहे। वहीं मैथा तहसील में एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस से नदारद रहे दस अफसरों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति डीएम से की है।
अकबरपुर तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल, एएसपी घनश्याम चौरसिया, तहसीलदार संजय कुमार व तहसीलदार केडीए अर्चना पांडेय ने शिकायतें सुनीं। यहां 168 शिकायतें दर्ज की गई। केवल 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। हिम्मापुरवा, मोहाना निवासी लोकनाथ ने एडीएम को बताया कि घर गिर गया है। केवल एक कोठरी बची है उसी में पांच सदस्य रहते हैं।
आवास योजना में चालीस हजार रुपये की किस्त मिली है। आरोप लगाया कि मोहाना की बड़ौदा उप्र बैंक के अफसरों ने आवास योजना की किस्त निकालने पर रोक लगा दी है। इस पर एडीएम ने एलडीएम को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शहबाजपुर निवासी अलका यादव ने बताया कि एमएससी द्वितीय वर्ष में प्रवेश लेना है। फीस जमा करने की स्थिति नहीं है। पात्रता के बाद भी छात्रवृत्ति नहीं मिली है। डीआईओएस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। किशरवल के रामकिशोर अवस्थी ने 30 अगस्त को घर में चोरी होने की शिकायत की। बताया कि 1.70 लाख रुपये खेत मालिक को देने के लिए रखे थे।
एएसपी ने कोतवाल अकबरपुर को स्वयं प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए। डेरापुर तहसील में एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी ने शिकायतें सुनीं। यहां 88 शिकायतें दर्ज की गई। कस्बे के आसिफ शाह ने बताया कि टेंपो का किराया कोविड काल में दोगुना हो गया है। अब जिला कोरोना मुक्त हो गया है लेकिन किराया अधिक ही वसूला जा रहा है।
सरगांव बुजुर्ग गांव के अंकित मिश्रा ने अतिवृष्टि में उखड़ी सड़कों की मरम्मत की मांग की। यहां डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार लाल सिंह यादव, बीडीओ बब्बन राय, बीईओ उदय नारायण कटियार रहे। रसूलाबाद तहसील में एसडीएम अंजू वर्मा की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। यहां कुल 70 शिकायतें दर्ज हुई इसमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसीलदार राजकुमार चौधरी, नायब तहसीलदार मनोज रावत आदि रहे।
सिकंदरा तहसील में एसडीएम रमेशचंद्र यादव की मौजूदगी में शिकायतें सुनीं गई। 125 शिकायतें दर्ज हुई। मौके पर किसी का निपटारा नहीं हो सका। राजस्व विभाग की सबसे अधिक 63 शिकायतें रहीं। यहां तहसीलदार लखन लाल राजपूत, सीओ रविकांत गौड़ आदि रहे। उधर मैथा तहसील में एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। यहां 45 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें चार का मौके पर निपटारा किया गया।
एसडीएम ने उपस्थिति जांची तो गन्ना निरीक्षक, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग, चकबंदी अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत शिवली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, सहायक विकास अधिकारी कृषि, सहकारी विकास अधिकारी सहायक समितियां, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण, सहायक वन संरक्षक अनुपस्थित मिले।
एसडीएम ने बताया कि तहसील दिवस से नामित अफसरों की उपस्थिति जरूरी है। अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति डीएम से की है।
फरियादियों की शिकायतों का करें त्वरित निपटारा
पुखरायां। संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का संबंधित अधिकारी त्वरित निपटारा कराएं। शिकायत निस्तारण में जिस अधिकारी की खामी मिलेगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्राम समाज व तालाब की जमीन को कब्जों से मुक्त कराया जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की फरियादों को सुनते हुए दिए। यहां कुल 231 शिकायतें आईं, जिनमें 18 का मौके पर निपटारा हुआ।
संपूर्ण समाधान दिवस में शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने फरियादें सुनी। डढ़वापुर गांव के आदर्श कुमार ने बताया कि अकोढ़ी विद्युत उपकेंद्र के विद्युत तार खेतों के ऊपर से होकर निकले हुए हैं। जर्जर होने के कारण कभी तार तो कभी चिंगारी गिरती रही है। इन तारों को बदलवाया जाए।
भोगनीपुर के राजा खान ने बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर लोग कब्जा कर रहे हैं। जिसे मुक्त कराया जाए। क्योटरा बांगर गांव के रामसजीवन ने बताया कि उनकी जमीन पर गांव के रामदास, संतोष व सतीश आदि ने कब्जा किया है। लेखपाल की ओर से नापजोख होने के बाद भी यह लोग कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। इसी तरह जफराबाद गांव के कुंवर सिंह, गौरी करन गांव के मझले, सुजौर गांव के अमित कुमार ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
वहीं बार एसोसिएशन भोगनीपुर के तहसील अध्यक्ष बलवंत सिंह यादव ने उपनिबंधन कार्यालय में बैनामा के समय अनावश्यक विलंब करने की शिकायत की। नायब तहसीलदार मनीष द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को समाधान दिवस में कुल 231 शिकायतें आई हैं। जिनमें 18 को मौके पर निस्तारित कर दिया गया। इस दौरान एसडीएम दीपाली भार्गव, डीएफओ एके द्विवेदी, तहसीलदार अनीता शेखर, सीओ प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।