राजपुर। थाने के इंस्पेक्टर पर छेड़छाड़ व प्रताड़ित करने का आरोप लगाने वाली किशोरी की मां ने पति के खिलाफ बेटी से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बीती 30 अगस्त को राजपुर थाना के जैनपुर गांव की एक किशोरी को तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने एक मामले में पूछताछ के थाने बुलाया था। वापस लौटने के बाद किशोरी ने जहर खा लिया था।
कानपुर के हैलट में किशोरी का कई दिनों उपचार चला। किशोरी की मां ने थाने के इंस्पेक्टर पर बेटी से छेड़छाड़ व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। मामला चर्चित होने पर डीएम ने दो सदस्यीय टीम बनाकर जांच कराई।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार को निलंबित कर उनके खिलाफ राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। शनिवार को किशोरी की मां ने बेटी के साथ थाने पहुंचकर बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने गांव के कुछ लोगों के खिलाफ पति पर मारपीट व तेजाब फेंकने का मुकदमा दर्ज कराया था।
मोहल्ले के कुछ लोग उसके पति को शराब पिलाकर मुकदमा वापस कराने का दबाव बनाते हैं। शुक्रवार को पति महेश उर्फ बर्रा ने शराब के नशे में घर आकर बेटी के साथ मारपीट की।
थानाध्यक्ष कपिल दुबे ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी महेश उर्फ बर्रा के खिलाफ मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।