पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में आग लगने की घटना ने इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब चार मीटर चौड़ी सड़क पर बनी पांच से छह मंजिला इमारत में आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य में दमकल टीमों को चुनौती का सामना करना पड़ा। जांच में सामने आया कि बिल्डिंग के भूतल स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगी और सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इमारत में समुचित आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी नहीं थी। हादसे में एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज कराकर जिम्मेदार बिल्डर और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर ऐसी अनधिकृत और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने, सील करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।