राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कानपुर को स्वच्छता के मामले में शीर्ष पांच शहरों में लाने की बात कही है। इतना ही नहीं उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इंदौर जाकर देखने को कहा है, कि वह कैसे स्वच्छता में देश का टॉप शहर बना।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कानपुर की स्वच्छता को लेकर चिंता जताई है। शहरी निकाय के स्वच्छता सर्वे की रैंकिंग में कानपुर की स्थिति 173वें स्थान से इस वर्ष 21वें स्थान पर आई जरूर है लेकिन राष्ट्रपति इससे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी, नगर निगम और नागरिक कुछ भी करके शहर की रैंकिंग टॉप फाइव में लाएं।
विज्ञापन
वे बृहस्पतिवार को एचबीटीयू के शताब्दी समारोह पर नवाबगंज स्थिति वेस्ट कैंपस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सबसे स्वच्छ शहर इंदौर जाकर वहां की व्यवस्था को समझें। पता करें कि उन्होंने अपने शहर को इस श्रेणी में लाने के लिए क्या-क्या किया।
उन्होंने कानपुर शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए एचबीटीयू के शिक्षकों व प्रबंधन के अलावा आईआईटी सहित सभी शिक्षण संस्थानों, छात्रों, जनप्रतिनिधियों से कहा कि शहर को सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए युद्घस्तर पर काम करें। राष्ट्रपति कोविंद ने यह भी कहा कि कानपुर के लोगों के स्वभाव को वे अच्छी तरह जानते हैं। यहां के लोग जो ठान लेते हैं, कर डालते हैं। उन्होंने स्वच्छता के इस कार्य को जनआंदोलन के रूप में लेने को कहा।