रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई यात्रा का हवाला देते हुए अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाने का मुद्दा उठाया। कहा कि सपा सरकार में कारसेवकों पर गोली चलवाई गई थी। अब इसका हिसाब जनता मांगेंगी।
जन विश्वास यात्रा के तहत रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में निर्धारित समय (3.50 बजे) से एक घंटे देरी 4.50 बजे पहुंचे अमित शाह ने कहा कि इत्र कारोबारियों के यहां 250 करोड़ के थैले निकल रहे हैं, लेकिन तकलीफ अखिलेश को हो रही है। यदि यह आपके नहीं हैं तो आपको क्या तकलीफ है। दो टूक कहा कि जितना रोना है उतना रो लो, लेकिन टैक्स चोरी अब नहीं चलने वाली है। कहा कि सभी जोर से भारत माता की जय बोलिए जिससे यह आवाज टैक्स चोरी करने वालों तक पहुंचे। 2022 में जनता के सामने दो विकल्प हैं। एक मोदी और दूसरा बुआ, बबुआ का। सपा, बसपा सत्ता में आती है तो एक-एक जाति का विकास होता है। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास पर काम करती है।
भीड़ से पूछा कि सपा, बसपा ने प्रदेश में 15 साल राज किया। उनको क्या मिला। मात्र कुछ ही साल में मोदी ने गरीब को गैस दी। आवास दिया। शौचालय दिया। पांच लाख का फ्री इलाज दिया। अब योगी सरकार जनता को मुफ्त खाद्यान्न दे रही है। अखिलेश जितनी ताकत हो लगा लो, अयोध्या में जल्द ही गगनचुंबी मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। औरंगजेब के जमाने में बाबा विश्वनाथ को उजाड़ दिया गया था। तबसे यहां आने वाले हर व्यक्ति के मन में एक कसक थी। मोदी ने विश्वनाथ कारीडोर बनवाया। गंगा को शुद्ध किया। अखिलेश वहां जाकर गंगा में डुबकी लगाकर भ्रष्टाचार का पाप धो लें।